
PNN/Faridabad: लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के न्यू इस्लामनगर में शुक्रवार देर रात डीजे पर हुए विवाद के बाद युवकों ने एक मकान में घुसकर फायरिंग और पथराव कर दिया। इस घटना में गोली लगने से दो लोग और पथराव में छह से ज्यादा घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के मुताबिक, न्यू इस्लामनगर कॉलोनी में रियाजुद्दीन के बेटे साकिब की शादी की तैयारियां चल रही थी। शनिवार को साकिब की बारात जानी थी। शुक्रवार की देर रात रियाजूद्दीन के घर पर डीजे पर रिश्तेदार डांस कर रहे थे। इसी दौरान बाहर से भी नफीस, बुद्धन, शाहरुख आदि युवक आकर डांस करने लगे।
डीजे पर ’तमंचे पर डिस्को’ गाना बजवाया जाने लगा और उन्होंने तमंचे निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। मौके पर मौजूद पड़ोस के रहने वाले आस मोहम्मद ने उन्हें फायरिंग करने से मना किया तो युवक को गुस्सा आ गया। आसपास के लोगों ने किसी तरह से मामला निपटा दिया। इसके बाद आसमोहम्मद अपने घर चला गया।
थोड़ी ही देर बाद डीजे पर फायरिंग करने वाले युवक इकट्ठा होकर आस मोहम्मद के घर पहुंच गए और फायरिंग कर दी। इसके साथ ही पथराव भी शुरू कर दिया। गोली लगाने से घर में मौजूद जावेद और पड़ोसी जान मोहम्मद गंभीर रुप से घायल हो गए। जबकि पथराव से आसमोहम्मद के परिवार के छह से ज्यादा लोग घायल हो गए। इसके बाद हमलावर मौके से भाग निकले।
सूचना पर पहुंची लिसाड़ी गेट पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस अधीक्षक नगर रणविजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
