Post

55 किलोग्राम गांजे के साथ पुलिस ने किया एक आरोपी को गिरफ्तार

PNN/Faridaba: मधुबन थाना क्षेत्र की पुलिस ने एक शातिर अन्तरप्रान्तीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 55 किलोग्राम गांजा और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस ने बरामद गांजा की कीमत चार लाख रुपये बतायी है।

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस लाइन सभागार में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक ने खुलासा करते हुए बताया कि स्वाट टीम ने मधुबन थाने की पुलिस टीम के साथ मिल कर गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम मुखबिर की सूचना पर नेमडांड गांव के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। उसी वक्त मोटरसाइकिल पर सवार होकर एक व्यक्ति आता हुआ दिखाई दिया। उसे रुकने का इशारा किया गया, तो मोटरसाइकिल मोड़कर वह भागने का प्रयास करने लगा। 

पुलिस बल ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। साथ ही तलाशी लेने पर उसके कब्जे से सफेद मैदा लिखी प्लास्टिक की बोरी में 1558 पुड़िया गांजा बरामद हुआ।
सख्ती से पूछताछ करने पर गिरफ्तार किए आरोपी ने बताया कि शेष गांजा बोरियों में रखकर नदी के किनारे बाग के पास कुश के झुरमुट में रखा है।

 इसके बाद उसकी निशानदेही पर अन्य बोरियों में रखा 55 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर लिया गया। अभियुक्त ने बताया कि वह गांजा बिहार से लेकर आता है। इसके बाद उसकी पुड़िया बनाकर जगह—जगह पर लोगों के पास तस्करी की जाती है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान बताते हुए कहा कि आरोपी मधुबन थाने के कमरौली गांव का निवासी है।

Sharing Is Caring
Shafi-Author

Shafi Shiddique