Post

हरियाणा में उर्दू पढ़ाने के लिए जल्द बनेगी योजना, बनेंगे 5 कम्युनिटी सेंटर

PNN/ Faridabad: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि जिन क्षेत्रों में जिस भाषा का अधिकाधिक प्रयोग होता है, उस भाषा को भविष्य में पढ़ाए जाने को लेकर योजना बनाई जाएगी। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ सीधे संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने उर्दू भाषा के संदर्भ में यह बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में पांच कम्युनिटी सेंटर बनाए जाएंगे।

भाजपा के सहयोगी प्रकोष्ठों के साथ नियमित संवाद की कड़ी में मुख्यमंत्री ने अपने आवास पर अल्पसंख्यक मोर्चा के सदस्यों के साथ बातचीत की। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जाकिर हुसैन और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष नसीम अहमद ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया। मुख्यमंत्री ने हरियाणा एक-हरियाणवी एक के नारे पर जोर देते हुए कहा कि प्रदेश में हमें अमन-चैन और भाईचारे के साथ मिलकर रहना है। एक-दूसरे की मदद और उनके रीति-रिवाजों का सम्मान करेंगे, तभी सभ्य समाज की परिकल्पना साकार होगी।

अल्पसंख्यक मोर्चा की मांग पर मुख्यमंत्री ने मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में पांच कम्युनिटी सेंटर बनाने की घोषणा की। इसके लिए उन्होंने मोर्चा के पदाधिकारियों को पांच स्थानों का चयन कर सूची देने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी गांव में विकास संबंधी समस्या के लिए ग्राम दर्शन पोर्टल बनाया गया है। इस पोर्टल पर अपने गांव की गली, नाली व अन्य समस्याओं को सीधे जिला प्रशासन तक पहुंचाया जा सकता है। सरकार अब इसी तर्ज पर नगर दर्शन पोर्टल भी तैयार करेगी, जो शहरी क्षेत्र की विकास संबंधी समस्याओं के लिए होगा।

परिवार पहचान पत्र में कराएं सभी का रजिस्ट्रेशन

मुख्यमंत्री ने अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों का आह्वान किया कि वे अपने आसपास के सभी लोगों का परिवार पहचान पत्र के लिए रजिस्ट्रेशन करवाएं। केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं का लाभ भविष्य में पीपीपी के माध्यम से मिलेगा। उन्होंने कहा कि अत्यंत गरीब परिवारों तक सरकार सीधे पहुंचेगी। मुख्यमंत्री परिवार उत्थान योजना के माध्यम से 50 हजार से कम आय वाले परिवारों को सरकार उनके हुनर के अनुसार काम देगी।

यह भी पढ़ें- जिला में 1 वर्ष के लिए गुटखा पान मसाला की बिक्री पर प्रतिबंध

Sharing Is Caring
Shafi-Author

Shafi Shiddique