नगर निगम चुनाव में प्रियका, शाह, नड्डा, केजरीवाल, कैप्टन, सिद्धू, मान और सुखबीर झोकेंगे ताकत
PNN/ Faridabad: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले हर राजनीतिक दल का फोकस दिसंबर में होने वाले चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव पर है। यहां पर परचम लहराकर हर दल पंजाब विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करना चाहता है। ऐसे में चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को राजनीति के हिसाब से बड़ा चुनाव माना जा रहा है। इस बार चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में मुकाबला आमने सामने नहीं बल्कि त्रिकोणा है क्योंकि कांग्रेस और भाजपा के अलावा आम आदमी पार्टी भी पहली बार चुनावी मैदान में मजबूती से उतरने की तैयारी कर रही है। इस बार अकाली दल भी बसपा के साथ गांव और कॉलोनियों की सीटों पर विशेष जोर दे रही है।
सितंबर में प्रशासन की ओर से ड्रा होने के बाद राजनीतिक तस्वीर साफ हो जाएगी कि कौन सा वार्ड महिला और कौन सा वार्ड आरक्षित वर्ग के लिए होगा। इस बार 35 सीटों के लिए चुनाव होना है। चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में पंजाब के नेता के अलावा राष्ट्रीय नेता भी प्रचार करने के लिए आएंगे।
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू, पंजाब के सीएम कैप्टन अमरेंद्र सिंह के अलावा कैबिनेट मंत्री कांग्रेस उम्मीदवार के लिए प्रचार करने के लिए आएंगे। कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने नगर निगम चुनाव में प्रचार का आगाज शुरू करने के लिए प्रियंका गांधी की मांग की है। उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत पार्टी प्रभारी होने के कारण नवंबर माह में चंडीगढ़ आकर ही डेरा डाल देंगे। शहर में उत्तराखंड से संबंध रखने वाले एक लाख से ज्यादा लोग हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पिछले दो नगर निगम चुनाव में हर बार प्रचार के लिए आते रहे हैं। इस बार भी वह हिमाचल मतदाताओं को लुभाने के लिए आएंगे। गृह मंत्री अमित शाह से भाजपा चुनाव प्रचार को लांच करवाएगी। साल 2016 में भी भाजपा ने अमित शाह की सेक्टर-29 में पन्ना प्रमुखों की रैली करवाई थी हालांकि इस बार किसान आंदोलन का भी असर चुनाव में दिखेगा लेकिन भाजपा नगर निगम चुनाव जीतकर पंजाब में मजबूती से उम्मीदवार उतारेगी। आरक्षित वर्ग के मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पार्टी प्रभारी दुष्यंत गौतम आएंगे।
प्रदीप छाबड़ा के शामिल होने से आप की स्थिति शहर में मजबूत हो गई है। ऐसे में आम आदमी पार्टी के पहली बार नगर निगम चुनाव में उतरने के कारण खुद दिल्ली सीएम अरविद केजरीवाल चंडीगढ़ में चुनाव प्रचार के लिए आएंगे। पंजाब आप के अध्यक्ष भगवंत मान के अलावा कई दूसरे नेता रैलियां और कार्यक्रम करने के लिए आएंगे।
अकाली दल और बसपा के लिए पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर बादल और विक्रमजीत मजीठिया के अलावा एसओई के नेता चंडीगढ़ में चुनाव प्रचार के लिए आएंगे। एसओई विग पहले से पंजाब विश्वविद्यालय और कॉलेज में सक्रिय है। एसओई के सरंक्षक भीम वड़ैच लंबे समय से चंडीगढ़ की छात्र राजनीति से जुड़े हुए हैं।
यह भी पढ़ें- भाजपा की स्मार्ट सिटी को बलजीत कौशिक ने किया उजागर…यह है हाल